
हरियाळो राजस्थान की समीक्षा बैठक आयोजित
अजमेर, हरियाळो राजस्थान के अंतर्गत जिले में अधिक से अधिक पौधे लगाने के संबंध में जिला कलक्टर लोक बन्धु की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।
जिला कलक्टर लोक बन्धु ने कहा कि सरकार हरियाळो राजस्थान के माध्यम से अधिक से अधिक पेड़ लगाने के लिए संकल्पबद्ध है। इसके लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में समस्त विभागों को अपने दायित्व सौंपे गए। साथ ही लक्ष्य निर्धारित कर तैयारी पूर्ण करने के निर्देश प्रदान किए।
उन्होंने कहा कि पूर्व मृदा तैयारियों के अन्तर्गत गड्डे तैयार करने का कार्य किया गया था। इस प्रकार के तैयार प्रत्येक गड्डे में पौधा लगना चाहिए। पौधारोपण के लिए आवश्यक पौधे स्थानीय नर्सरियों के साथ-साथ वन विभाग के माध्यम से भी प्राप्त किए जा सकते है। समस्त विभागों को उपलब्ध भूमि के अनुसार पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे। लगाए गए पौधों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि पौधारोपण में शिक्षा विभाग, पंचायती राज विभाग, वन विभाग, नगर निकाय, अजमेर विकास प्राधिकरण तथा रीको की विशेष भूमिका रहेगी। समस्त विभाग सौपे गए दायित्वों का जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करेंगे। मानसून के साथ ही पौधारोपण की गति बढ़ाने की आवश्यकता है। साथ ही पौधे लगाने वाले क्षेत्र को भी बढ़ाया। समस्त लगे पौधों की जिओ टेगिंग आवश्यक रूप से की जानी चाहिए।