
मातृभूमि और मातृत्व के सम्मान में किया जाएगा सघन वृक्षारोपण पौधारोपण के संबंध में विधायक भदेल ने की प्रेसवार्ता वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा के मार्गदर्शन में सैंकड़ों पौधों का होगा रोपण मातृत्व के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की भावना से जुड़े अभियान में आमजन निभाए सहभागिता- भदेल
अजमेर, राजस्थान सरकार द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली को बढ़ावा देने के लिए चलाए जा रहे, हरियाळो राजस्थान एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत अजमेर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में एक विशेष अभियान के तहत् सघन वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन अजमेर दक्षिण विधायक श्रीमती अनिता भदेल के नेतृत्व में किया जा रहा है। इस संबंध में विधायक भदेल ने शुक्रवार को अपने कार्यालय पर एक प्रेस वार्ता आयोजित कर अभियान की विस्तृत जानकारी दी।
विधायक भदेल ने बताया कि राजस्थान के यशस्वी मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के आह्वान पर यह राज्यव्यापी अभियान प्रारंभ किया गया है। इसमें आमजन को अपनी माताओं की स्मृति, जन्मदिन अथवा विशेष अवसरों पर एक पेड़ लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसी कड़ी में शनिवार 19 जुलाई को प्रातः 6 बजे आदर्श नगर नेक्सा शोरूम के पीछे स्थित मातृवन उद्यान में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
उन्होने बताया कि वन, पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के राज्यमंत्री संजय शर्मा कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहेंगे। उनके मार्गदर्शन में पौधारोपण किया जाएगा। इस अवसर पर मातृवन परिसर में लगभग एक घण्टे में लगभग 500 पौधे लगाए जाएंगे। मातृवन में 2200 पौधे पूर्व में लगाए जा चुके है। पौधारोपण कार्यक्रम में फलदार, फूल, छायादार सहित अन्य किस्म के पौधो को रोपण किया जाएगा। इसमें स्थानीय परिदृक्ष्य के अनुसार नीम, बरगद सहित अन्य छायादार पौधो का सघन रोपण किया जाएगा। इनके संरक्षण की व्यवस्था भी की गई है।
विधायक भदेल ने बताया कि यह अभियान केवल पर्यावरणीय जागरूकता का संदेश नहीं देता, बल्कि यह मातृत्व के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की भावना को भी दर्शाता है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में भाग लेकर अपने हाथों से वृक्षारोपण करें और भविष्य की पीढ़ियों को हरित और स्वच्छ पर्यावरण देने की दिशा में कदम बढ़ाएं।
उन्होने बताया कि सावन के महीने का पृथ्वी का प्रत्येक जीव वर्षभर इंतजार करता रहता है। वर्षा की बूंदो से प्रकृति खिल उठती है। ऎसे में धरती पर ही स्वर्ग का आभास होता है। प्रकृति ने मनुष्य को बहुत कुछ दिया। मनुष्य द्वारा प्रकृति का अतिदोहन करने से जलवायु परिवर्तन हुआ। इसका विपरित प्रभाव हमारे सामने है। अत्यधिक गर्मी, सर्दी, सूखा आदि से जन-जीवन प्रभावित हो रहा है। ऎसे में प्रकृति का ऋण उतारने के लिए वृक्षारोपण अनुकरणीय कार्य है। पर्यावरण संरक्षण करने से आगामी पीढी के लिए सुरक्षित पर्यावरण उपलब्ध होगा।
प्रेसवार्ता में भाजपा जिला उपाध्यक्ष रविन्द्र सिंह जादोन, आदर्श मण्डल अध्यक्ष हितेश ढाबरिया, क्षेत्रीय पार्षद देवेन्द्र सिंह शेखावत, झलकारी बाई मण्डल अध्यक्ष रजनीश चौहान, आर्य मण्डल पूर्व अध्यक्ष मोहन लालवानी उपस्थित रहे।